Friday, 14 August 2026

रायपुर । गर्मी के इस सीजन में 30 मार्च का दिन सबसे गर्म रहा। समूचे प्रदेश का पारा चढ़ता हुआ 40 डिग्री पार हो गया। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में तापमान 40 से 41 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हुआ है। साल 2018 में 31 मार्च को इतना ही तापमान दर्ज हुआ था, यानी एक दिन पहले तापमान ने बीते वर्ष के रिकॉर्ड के तापमान की बराबरी कर ली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अब अगले 24 घंटे में रायपुर समेत समूचे प्रदेश का पारा स्थिर रहेगा या फिर हल्का बढ़ेगा।
शनिवार की सुबह से ही सूरज अपने पूरे रंग में था। सुबह से ही किरणें चुभने लगी थीं और दोपहर 12 बजे के बाद तो इनकी तीक्षणता और भी ज्यादा हो गई। खासी गर्मी महसूस की गई। मौसम वैज्ञानी एचपी चंद्रा का कहना है कि हवा कि दिशा उत्तर-पूर्वी है। राजस्थान से गर्म हवा आनी शुरू हो गई है और यही तापमान बढ़ा रही है। अब जब तक हवा की दिशा नहीं बदलेगी, तब तक तापमान के बढ़ने का सिलसिला जारी ही रहेगा। पूर्वानुमान यह भी है कि स्थानीय स्तर पर कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
मध्य एमपी में बन रहा है ऊपरी हवा का चक्रवात
मध्य प्रदेश के मध्य में भाग में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। चक्रवात मध्य प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी आने वाले दो दिनों में करवा सकता है। दूसरी तरफ दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी इसका कुछ असर दिखाई देगा।

रायपुर/बालोद । छालीवुड अभिनेत्री और मॉडल आंचल यादव हत्याकांड का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। पुलिस के अनुसार आंचल की हत्या उसके सगे भाई सिद्धार्थ यादव ने ही की थी। वह बहन के चाल-चलन से परेशान था। पुलिस को शुरू से ही उस पर शक था। शनिवार को सिद्धार्थ यादव से घंटों पुलिस ने पूछताछ की। उसके अलग-अलग बयान ने पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया।
अंतत: कड़ाई बरतने पर वह टूट गया और आंचल की हत्या कर उसकी लाश को रस्सी से बांधकर गंगरेल सिंचाई नहर में फेंकना कबूल कर लिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक अधिकृत तौर पर हत्याकांड का खुलासा नहीं किया है, लेकिन अफसरों ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि सिद्धार्थ से हत्याकांड की सिलसिलेवार जानकारी ली जा रही है। इस हत्याकांड में उसकी मां की भी भूमिका सामने आ रही है। बालोद पुलिस रविवार को इस मामले का खुलासा कर सकती है।

रायपुर । वित्त वर्ष 2018-19 समाप्त होने में चौबीस घंटे से भी कम समय है। इसके बीतते ही यानी सोमवार से कई सकारात्मक बदलाव होने वाले हैं, कई सौगातें भी मिलेंगी। बहुत सी चीजों में आपको फायदा होने वाला है। सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको पैनकार्ड मिनटों में मिल सकता है। बताया जा रहा है कि ई-पैनकार्ड एक अप्रैल से चल सकता है। वहीं जो आशियाना खरीदने का सपना संजोए हुए हैं, उन्हें घर सस्ते मिलेंगे ।
20 लाख तक के मकान पर केवल 20 हजार का टैक्स
जीएसटी में किए गए नए प्रावधानों के तहत अब 20 लाख तक के अफोर्डेबल मकानों पर केवल एक फीसद जीएसटी यानी 20000 रुपये लगेंगे। 50 लाख तक के मकान पर पांच फीसद जीएसटी यानी ढाई लाख रुपये लगेंगे। इस प्रकार आपको 50 लाख के मकान पर सीधे-सीधे 3.5 लाख का फायदा होने जा रहा है और 20 लाख के मकान पर 1.4 लाख का। नए वित्तीय वर्ष यानी 2019-20 से पांच लाख तक आय वाले करदाताओं को कोई टैक्स पटाने की आवश्यकता नहीं होगी। लेकिन इससे अधिक की राशि पर टैक्स देना ही होगा।
अब लेना ही होगा मनपसंद टीवी पैकेज
ट्राई के नए नियमों के अनुसार डीटीएच कंपनियों व केबल उपभोक्ताओं को एक अप्रैल से अपने मनपसंद चैनल का चुनाव करना ही होगा। ट्राई ने उपभोक्ताओं को चैनल का चुनाव करने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया है। शिकायतें यह हैं कि नया निर्णय उपभोक्ताओं को कम से कम 100 रुपये तक महंगा पड़ रहा है। 50 फीसद से अधिक उपभोक्ता केबल से डीटीएच में स्वीच कर चुके हैं।

रायपुर । दाल-भात के बारे में बात करते हुए पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि योजना से गरीब लोगों को भोजन मिलता था, लेकिन राज्य सरकार ने इसे बंद कर दिया है। यह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि रमन सरकार की बड़ी उपलब्धि रही है। हमारी मांग है कि भूपेश सरकार इस योजना को निर्वाचन आयोग से अनुमति लेकर जारी रखे। भाजपा योजना को दोबारा शुरू करने का विरोध नहीं करेगी।  पत्रकार वार्ता में धरमलाल कौशिक ने दाल-भात योजना के बंद होने के लिए भूपेश बघेल की सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा इस योजना के लिए सहायता दी, लेकिन राज्य सरकार इस बार केंद्र के सामने योजना को ठीक से रख ही नहीं पाई।
इसके कारण राज्य सरकार विफल हो रही है और अपनी विफलता का ठिकरा राज्य सरकार केंद्र पर फोड़ रही है। कौशिक ने कहा कि कांग्रेस जनकल्याण की योजनाओं को इस तरह बंद करने पर आतुर है। इससे समझ आता है कि उसकी नीयत ठीक नहीं है। उनका कहना है कि हो सकता है आगे आगे नमक और चना देने की योजना भी बंद कर दी जाए। उधर, धरमलाल कौशिक ने यह भी कहा कि रमन सरकार ने प्रदेश की खुशहाली के लिए इतने काम किए कि गिनाए नहीं जा सकते लेकिन अगर कांग्रेस सरकार यह सोचकर योजना को बंद कर रही है कि रमन सरकार और मोदी सरकार में योजना शुरू की गई थी, तो यह बहुत ही गलत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आने वाले समय आर्थिक संकट की स्थिति दिखाई दे रही है, क्योंकि सरकार पूरी तरह से कर्ज में डूब गई है। कर्मचारियों को वेतन देने के लाले पड़ जाएंगे।

R.O.NO. 13259/132
  • R.O.NO.13129/146 "
  • R.O.NO.13259/132 " B

Address Info.

Owner / Director - Piyush Sharma

Office - Shyam Nagar, Raipur, Chhattisgarh,

E mail - publicuwatch24@gmail.com

Contact No. : 7223911372

MP info RSS Feed