- बिलासपुर
- Posted On
कोटा में रिश्वतखोरी का मामला: शिक्षिका से 1.24 लाख की रिश्वत मांगने पर BEO हटाए गए, क्लर्क निलंबित

publicuwatch24.com-बिलासपुर। बिलासपुर के कोटा विकासखंड में एक शिक्षिका से रिश्वत मांगने का गंभीर मामला सामने आया है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) विजय पांडे को पद से हटा दिया गया है, जबकि सहायक वर्ग-2 कर्मचारी एकादशी पोर्ते को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई शिक्षिका नीलम भारद्वाज की शिकायत के आधार पर की गई है, जिन्होंने अपने दिवंगत शिक्षक पति के स्वत्वों के भुगतान के लिए रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया था।
नीलम भारद्वाज, जो कि कोटा विकासखंड में शिक्षिका हैं, ने कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान शिकायत की थी कि उनके दिवंगत शिक्षक पति के स्वत्वों (भुगतान) के लिए 1.24 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। उन्होंने बताया कि बीईओ विजय पांडे को इस मामले की जानकारी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। कलेक्टर के संज्ञान में मामला आने के बाद इसकी जांच के आदेश दिए गए, जिसमें आरोप सही पाए गए।
जांच के बाद, कलेक्टर के आदेश पर बीईओ विजय पांडे को तत्काल पद से हटा दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, सहायक वर्ग-2 कर्मचारी एकादशी पोर्ते, जो रिश्वत की मांग में शामिल पाए गए, को निलंबित कर दिया गया है और उनका मुख्यालय रतनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल में निर्धारित किया गया है।







"
"
B 